Home Himachal Chamba डीसी मुकेश रेपसवाल ने कालिंदी कॉलेज की छात्राओं से किया संवाद

डीसी मुकेश रेपसवाल ने कालिंदी कॉलेज की छात्राओं से किया संवाद

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से आपदा जैसी परिस्थितियों में त्वरित राहत, बचाव, क्षति आकलन एवं पुनर्वास कार्य सुनिश्चित करता है, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता प्रदान की जा सके और सामान्य जनजीवन शीघ्र बहाल हो सके।

0

चंबा : डीसी मुकेश रेपसवाल ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कालिंदी कॉलेज के भूगोल विभाग की बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्राओं के साथ संवाद करते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली, आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय क्षमता, विभागों के बीच समन्वय और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक रहती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से आपदा जैसी परिस्थितियों में त्वरित राहत, बचाव, क्षति आकलन एवं पुनर्वास कार्य सुनिश्चित करता है, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर सहायता प्रदान की जा सके और सामान्य जनजीवन शीघ्र बहाल हो सके। डीसी ने गत वर्ष श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान प्राकृतिक आपदा के कारण उत्पन्न विपरीत परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए बताया कि बहु-विभागीय समन्वय से फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालना, उन्हें त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना, अस्थायी आश्रय एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करना और मार्गों की शीघ्र बहाली प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही। उन्होंने बताया कि समयबद्ध निर्णय एवं स्थानीय समुदाय के सक्रिय सहयोग से स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा गया।

ये भी पढ़ें:  बिजली उत्पादन में रामपुर हाईड्रो पावर स्टेशन ने रचा नया इतिहास, 3 माह पूर्व ही लक्ष्य पूरा

मुकेश रेपसवाल ने हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और जिला प्रशासन की कार्य व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की चुनौतियों को ध्यान में रखकर योजनाएं संचालित की जाती हैं। उन्होंने इस दौरान छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। संवाद के दौरान एडीसी अमित मेहरा ने आपदा के समय अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं और राहत प्रबंधन की जानकारी दी।

संवाद सत्र का संचालन राजकीय महाविद्यालय चंबा के प्रोफेसर डॉ. प्रशांत रमण रवि ने किया। उन्होंने छात्राओं के शैक्षणिक अध्ययन की जानकारी देते हुए बताया गया कि 7 से 12 फरवरी तक चंबा जिले  में बहु-आपदा संवेदनशीलता और जोखिम आकलन” विषय पर क्षेत्रीय अध्ययन किया गया। डॉ. शालिनी शिखा, डॉ. अवध नारायण चौबे और डॉ. गणेश यादव के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न गांवों में सर्वेक्षण और भरमौर क्षेत्र में केस स्टडी के माध्यम से आपदा जोखिम और सामुदायिक लचीलेपन को समझा। छात्राओं ने इस संवाद और अध्ययन को अत्यंत ज्ञानवर्धक बताते हुए जिला प्रशासन व स्थानीय संस्थानों का आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें:  बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ : गरीबी में छोड़ा था स्कूल, अब दोबारा शिक्षित और प्रशिक्षित होंगी शिलाई की 45 बेटियां