HomeHimachalSirmaur19 मार्च से सजेगा श्री महामाया बाला सुंदरी चैत्र नवरात्र मेला, डीसी...

19 मार्च से सजेगा श्री महामाया बाला सुंदरी चैत्र नवरात्र मेला, डीसी ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए ये निर्देश

डीसी ने कहा कि चैत्र नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मंदिर न्यास प्रयासरत है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कालाअंब से त्रिलोकपुर मुख्य मार्ग और अन्य संपर्क मार्गों की समय रहते मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नाहन : उत्तर भारत का प्रसिद्ध श्री महामाया बाला सुंदरी चैत्र नवरात्र मेला त्रिलोकपुर में 19 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल, 2026 तक आयोजित होगा। मेले की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए डीसी सिरमौर एवं आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए।

डीसी ने कहा कि चैत्र नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मंदिर न्यास प्रयासरत है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कालाअंब से त्रिलोकपुर मुख्य मार्ग और अन्य संपर्क मार्गों की समय रहते मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर न्यास और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बैठक में लिए गए निर्णयों का सख्ती से पालन करने को कहा, ताकि मेला सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित हो सके।

ये भी पढ़ें:  भाजपा ने जिला परिषद के लिए घोषित किए समर्थित उम्मीदवार, जानें कौन कहां से मैदान में

मेले के आयोजन के लिए एसडीएम नाहन को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन को मेला अधिकारी और डीएसपी नाहन को कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रभावी प्रबंधन के लिए मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा और प्रत्येक सेक्टर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। कानून व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती होगी। इसके अतिरिक्त गृह रक्षा और निजी सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारियों को अस्थायी आधार पर लगाया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाएगी कि स्थानीय निवासियों को असुविधा न हो।

ये भी पढ़ें:  नगर निकाय चुनाव: बिलासपुर में संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची जारी

बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अप्रैल (चौदस) को कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा और मेले के दौरान पॉलिथीन का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इसके अलावा कालाअंब से त्रिलोकपुर तक यातायात नियंत्रण, वैकल्पिक मार्ग, सूचना केंद्र की स्थापना, आपातकालीन सेवाएं, स्वास्थ्य सुविधाएं, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, मेला क्षेत्र की साज-सज्जा और विद्युतीकरण, परिवहन व्यवस्था, वाहन पार्किंग और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डीसी ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान केवल चयनित स्थानों पर ही भंडारे आयोजित किए जाएंगे।

उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर राजीव सांख्यान ने विभिन्न मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया। बैठक में तहसीलदार नाहन एवं मंदिर अधिकारी त्रिलोकपुर उपेंद्र कुमार, मंदिर न्यास के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला सड़क निर्माण का रास्ता साफ, गिफ्ट डीड की बड़ी समस्या सुलझी, हफ्तेभर में होंगे टेंडर
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More