चंबा में भूस्खलन से ढह गया घर, नव दंपति की दर्दनाक मौत, 5 माह पहले ही हुई थी शादी

इस दौरान भारी-भरकम चट्टानों और मलबे ने उस घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें पल्लवी और राहुल सो रहे थे। दोनों को भूस्खलन के बीच एक पल भी संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

0

चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में भारी बारिश और भूस्खलन ने एक बार फिर कहर बरपाया है, जहां एक नव विवाहित जोड़े ने अपनी जान गंवा दी। यह हृदय विदारक घटना मैहला विकास खंड की ग्राम पंचायत चड़ी के सूताह गांव में पेश आई।

जानकारी के अनुसार लगभग पांच दिन पहले पल्लवी अपने मायके सूताह गांव आई थीं। राहुल अपनी पत्नी को वापस अपने घर कियाणी ले जाने के लिए रविवार को ही ससुराल पहुंचा था, लेकिन सोमवार सुबह करीब 4 बजे मूसलाधार बारिश के बीच पल्लवी के मायके के घर से सटी एक पहाड़ी अचानक दरक गई।

इस दौरान भारी-भरकम चट्टानों और मलबे ने उस घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें पल्लवी और राहुल सो रहे थे। दोनों को भूस्खलन के बीच एक पल भी संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:  कालाअंब में 30 बैडेड ESIC अस्पताल का 31 मई को केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया करेंगे उद्घाटन, कार्यक्रम तय

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर दंपति के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय चंबा भेज दिया है। बताया जा रहा है कि करीब पांच माह पहले ही दोनों की शादी हुई थी। इस हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

ये भी पढ़ें:  गरीबों का हक नहीं मार पाएंगे अमीर! हिमाचल में राशन कार्ड की होगी 'सर्जिकल स्ट्राइक', केंद्र ने भेजी ये लिस्ट