हमीरपुर : एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, बणी (हमीरपुर) द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 22 जून को उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इंटरव्यू सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक होंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता दसवीं फेल, दसवीं पास या उससे अधिक होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।
चयनित उम्मीदवारों को 18 हजार रुपये से 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा ईपीएफ, ईएसआई और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। नियुक्ति हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि निर्धारित योग्यता रखने वाले और किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवा अपने मूल प्रमाण पत्रों और हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर संपर्क किया जा सकता है।
