होमHimachalKulluहिमाचल में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की...

हिमाचल में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, दो लोगों की गई जान; कड़ी मशक्कत से सड़क तक पहुंचाए शव

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की नित्थर उपतहसील में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की नित्थर उपतहसील में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। ग्राम पंचायत दुराह के डवार्च सड़क मार्ग पर सेरी के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसा रात करीब सवा आठ बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ऑल्टो कार दुराह की ओर जा रही थी। सेरी के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर पुलिस के हत्थे चढ़ा ये 'शातिर हाईटेक चोर' बराड़ा से बरात का पीछा कर धौलाकुआं में उड़ाए गहने

मृतकों की पहचान हरि सिंह निवासी शाह, ग्राम पंचायत लोट और श्याम लाल निवासी डवार्च, ग्राम पंचायत दुराह के रूप में हुई है।

कार करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरने के कारण शवों को बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस चौकी नित्थर के जवानों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल निरमंड भेज दिया। हादसे में ऑल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

डीएसपी आनी राजीव मेहता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार दुराह की तरफ जा रही थी और सेरी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

ये भी पढ़ें:  युवाओं में नशे का जहर घोलने से पहले धरा गया 'चिट्टा' तस्कर, एसआईयू टीम ने की बड़ी कार्रवाई

रात के समय गहरी खाई में राहत एवं बचाव कार्य पुलिस और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी चुनौती रहा। शुक्रवार को कई घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को सड़क तक लाया जा सका।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More