कुल्लू : मनाली-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग- 03 के क्षतिग्रस्त हिस्सों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। DC अनुराग चंद्र शर्मा ने शनिवार को एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क की मरम्मत और सुरक्षा कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित प्रमुख स्थानों पर जल्द बहाली सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में विस्तृत पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी गई कि राम शिला से भूतनाथ पुल तक भूस्खलन से प्रभावित चार स्थलों का विशेषज्ञ एजेंसी से अध्ययन कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर इन क्षेत्रों में रेस्टोरेशन की कार्ययोजना पर काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही व्यास नदी के तटों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से इसकी संपूर्ण मॉडलिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
उपायुक्त ने एनएचएआई को निर्देश दिए कि मनाली-कुल्लू मार्ग पर बाढ़ और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त स्थानों को दुरुस्त करने के लिए ड्रेजिंग और सुरक्षा दीवारों का निर्माण प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया और कहा कि मानसून के दौरान हुए भूस्खलन से सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है, इसलिए हर स्तर पर सतर्कता जरूरी है।
उन्होंने महत्वपूर्ण स्थानों पर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसडीएम को फोरलेन के किनारे हुए अवैध कब्जों को हटाने के आदेश भी जारी किए गए। बैठक के बाद उपायुक्त ने एनएचएआई अधिकारियों के साथ बजोरा से मनाली तक सभी क्षतिग्रस्त स्थलों का निरीक्षण भी किया।
बैठक में अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्वनी कुमार, एसडीएम निशांत ठाकुर, परियोजना निदेशक वरुण चारी, अशोक चौहान, विनय हाजरी, जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
