मंडी : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के औट क्षेत्र में बुधवार सुबह भारी बारिश के बीच हुए दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान जिला सोलन के नालागढ़ निवासी सुखबीर कौर (38), पत्नी जसविंदर सिंह के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला अपने परिवार के साथ कार में सफर कर रही थी। इस दौरान रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जब उन्हें उल्टी महसूस हुई, तो उन्होंने औट में शनि मंदिर के समीप कार रुकवाई और गाड़ी से नीचे उतरीं।
बताया जा रहा है कि महिला जैसे ही कार से बाहर निकलकर उल्टी करने किनारे बैठी तो इसी बीच पहाड़ी से एक भारी-भरकम पत्थर सीधा उनके ऊपर आ गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गईं।
परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए नगवाई अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच पुलिस ने वाहन चालकों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है। मानसून के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
