अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेट्रोल बेचने वाली कंपनियों से तुरंत पेट्रोल के दाम घटाने को कहा है। उनका कहना है कि कच्चे तेल की कीमतें घटकर करीब 68 डॉलर प्रति बैरल रह गई हैं, लेकिन इसका लाभ ग्राहकों तक नहीं पहुंच रहा।
ट्रंप ने चेतावनी दी कि जरूरत से ज्यादा कीमत वसूलना गैरकानूनी है और यदि कंपनियों ने जल्द दाम नहीं घटाए तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि पेट्रोल की कीमत करीब 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कच्चा तेल सस्ता होने के बावजूद कंपनियां उपभोक्ताओं से अब भी अधिक कीमत वसूल रही हैं। इससे पहले भी ट्रंप अमेरिकी न्याय विभाग को बड़ी तेल कंपनियों की जांच के निर्देश दे चुके हैं।
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच हालिया तनाव के दौरान कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया था। हालांकि अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल सस्ता हो चुका है, लेकिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अपेक्षित कमी नहीं आई है।
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही सामान्य होने लगी है। समुद्री जहाजों की निगरानी करने वाली कंपनी केप्लर के अनुसार सोमवार को 40 जहाज होर्मुज से गुजरे, जबकि एक दिन पहले यह संख्या 24 थी।
युद्धविराम और 60 दिनों तक बातचीत पर सहमति बनने के बाद इस मार्ग से जहाजों की आवाजाही में तेजी आई है।
