HomeHimachalMandiदेव वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच बड़ा देव कमरूनाग ने...

देव वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच बड़ा देव कमरूनाग ने कमरू घाटी से किया प्रस्थान, 9 दिन चलेगी पैदल यात्रा

बड़ा देव कमरूनाग का मंडी जनपद के अधिष्ठाता राज देवता माधोराय के राजमहल स्थित मंदिर में महामिलन होगा, जहां अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन कमरुनाग जी का विधिवत स्वागत करेंगे।

धंग्यारा/मंडी : पुरातन परंपराओं का निर्वहन करते हुए मंडी जनपद के आराध्य बड़ा देव कमरूनाग जी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव- 2026 के लिए प्रस्थान किया। कमरू घाटी के गोत गांव में भंडार से प्रातः काल देव वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच बड़ा देव कमरुनाग जी का सूरज पख्खा धंग्यारा गलू स्थित परता स्थल (थड़ा) पर पहुंचा। यहां कुछ समय विश्राम के दौरान स्थानीय लोगों ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

बड़ा देव के पुजारी बोधराज ठाकुर ने बताया कि 9 दिन की पैदल यात्रा के बाद बड़ा देव कमरूनाग का स्वरूप सूरज पख्खा मंडी नगर पहुंचेगा। इस बीच विभिन्न क्षेत्रों में देव कमरूनाग जी अपने भक्तों को दर्शन देंगे। 13 फरवरी को देव कमरूनाग मंडी शहर के करीब गुटकर में अपने भक्त के घर पर रात्रि ठहराव करेंगे। वहीं 14 फरवरी को मंडी शहर के प्रवेश द्वार पुलघराट के समीप जिला प्रशासन और सर्व देवता कमेटी द्वारा बड़ादेव का परंपरागत स्वागत किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  छैला-नेरीपुल-यशवंत नगर-ओच्छघाट सड़क के लिए सैद्धांतिक रूप से 200 करोड़ की स्वीकृति

बड़ा देव कमरूनाग का मंडी जनपद के अधिष्ठाता राज देवता माधोराय के राजमहल स्थित मंदिर में महामिलन होगा, जहां अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं डीसी मंडी अपूर्व देवगन कमरुनाग जी का विधिवत स्वागत करेंगे। इसके उपरांत राज परिवार द्वारा स्वागत करने के बाद बड़ा देव कमरूनाग जी टारना स्थित माता श्यामा काली मंदिर के लिए प्रस्थान कर जाएंगे, जहां वे पूरे शिवरात्रि महोत्सव के दौरान विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के कारज बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने पर ही आरंभ माने जाते हैं।

काहुली और नगाड़ा से निकली मधुर देवधुन
परंपरागत वाद्य यंत्रों की देवधुन की मधुर स्वर लहरियों के साथ बड़ा देव पूरे लाव-लश्कर के साथ राज माधोराय की नगरी के लिए रवाना हुए। चार काहुली, रियासतकालीन नगाड़ा, ढोल और धांस बजाते बजंतरी मंगल ध्वनि करते आगे बढ़े। बड़ादेव के दल में पुजारी बोधराज ठाकुर, कटवाल चेत राम ठाकुर, पूर्व गूर समेत 28 देवलू साथ रवाना हुए। पुलिस कर्मी और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी इस दौरान साथ चल रहे हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में फिर अफीम की खेती का पर्दाफाश, घर के पीछे तैयार कर रखा था खेत, 805 पौधे बरामद
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More