HomeHimachalMandiसड़क धंसने से हवा में लटकी HRTC की बस, चालक की सूझबूझ...

सड़क धंसने से हवा में लटकी HRTC की बस, चालक की सूझबूझ से बचीं 30 यात्रियों की जान, टला बड़ा हादसा

हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में सोमवार सुबह एचआरटीसी की एक बस सड़क धंसने से दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई।

मंडी : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में सोमवार सुबह एचआरटीसी की एक बस सड़क धंसने से दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। सुंदरनगर डिपो की बस गुरुकोठा रूट से आ रही थी। हल्यातर के पास सामने से आ रही सब्जियों से लदी गाड़ी को पास देते समय सड़क किनारे का डंगा अचानक धंस गया, जिससे बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया और बस हवा में लटक गई।

बस में उस समय करीब 30 यात्री सवार थे। स्थिति बेहद गंभीर थी, लेकिन चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ का परिचय दिया। उसने बस को नियंत्रित रखा और ब्रेक दबाए रखे। चालक का कहना था कि यदि उस समय बस बंद कर दी जाती या अचानक झटका लगता तो बस गहरी खाई की ओर गिर सकती थी।

ये भी पढ़ें:  100 प्रतिशत क्षय मरीजों को वितरित की न्यूट्रिशन किट, 24 मार्च को मनाया जाएगा विश्व टीबी दिवस

इसके बाद चालक ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर उतारा और फिर बस का इंजन बंद किया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित रहे।

स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बने कच्चे डंगे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने अपनी टीम मौके पर भेज दी और मामले की जांच शुरू कर दी। बस में सवार यात्रियों ने चालक की सूझबूझ और सतर्कता की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में हादसे : माजरा और कालाअंब में दो सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More