होमHimachalMandiमंडी में भाजपा की पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जयराम ठाकुर ने ‘वोट...

मंडी में भाजपा की पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, जयराम ठाकुर ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस को घेरा

पड्डल मैदान से शुरू होकर सेरी मंच तक पहुंची पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा।

मंडी : भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंडी में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

पड्डल मैदान से शुरू होकर सेरी मंच तक पहुंची पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी चुनाव परिणाम विपक्ष के अनुकूल नहीं होते, तो वे देश की निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर अनर्गल सवाल उठाने लगते हैं और ‘वोट चोरी’ जैसे नितांत झूठे, तथ्यहीन तथा भ्रामक प्रचार के माध्यम से देश की सम्मानित जनता को गुमराह करने का कुत्सित प्रयास करते हैं, जिसका लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।

जयराम ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष की नकारात्मक, अराजक राजनीति और समाज को बांटने वाले झूठे नैरेटिव के विरुद्ध मंडी की जनता का यह एकजुट संकल्प देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को कभी स्वीकार नहीं करेगा।

ये भी पढ़ें:  न सर्वे की टेंशन ना मुआवजे में देरी, सिर्फ एक पंजीकरण करवा किसानों को मिलेंगे सीधे ये सब लाभ

आज तक देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था से ही सरकारें चुनी जाती रही है, लेकिन पहली बार देश में सत्ता परिवर्तन के लिए कुछ लोग अराजकता का सहारा ले रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोच रहे हैं कि जिस प्रकार बांग्लादेश में अराजकता से सत्ता परिवर्तन हुआ ऐसा ही भारत में भी हो सकता है, लेकिन वो भूल चुके हैं ये देश बांग्लादेश नहीं हो सकता।

उन्होंने तंज कसा कि चुनाव जीतने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है जो कांग्रेस कर नहीं पा रही है और अराजकता का सहारा ले रही है। ये देश संविधान से चलता है, गांधी परिवार की धमकियों से नहीं।

ये भी पढ़ें:  सेवा संकल्प अभियान को लेकर सिरमौर भाजपा ने बनाई रणनीति, बिंदल की मौजूदगी में मंथन

जिस एसआईआर प्रक्रिया पर राहुल गांधी सवाल उठा रहे हैं, उसका मतलब सिर्फ इतना है कि गलत वोट बनना नहीं चाहिए और ठीक वोट कटना नहीं चाहिए। कांग्रेस नेताओं को सबसे बड़ी पीड़ा इस प्रक्रिया से तब हुई जब उनके समय में देश में घुसे घुसपैठियों को एसआईआर ने बाहर का रास्ता दिखाया। प्रधानमंत्री मोदी को पिता की गाली देना बर्दाश्त के योग्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि ये विचित्र बात है कि जब हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दिल्ली जाकर प्रदर्शन करने जा रहे हैं, जिन्हें इसी चुनाव आयोग ने चुना है जिसके खिलाफ इनके नेता वोट चोरी के आरोप लगा रहे हैं। जिस प्रक्रिया ने राहुल गांधी को सांसद बनाया है उस पर वो सवाल उठा रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा मंडी में 10 में से 10 सीटें ही जीतेगी और प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पूर्व मंत्री मंडी के प्रभारी सुरेश भारद्वाज, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, भाजपा विधायक एवं रैली के संयोजक राकेश जम्वाल ने भी संबोधित किया, जबकि रैली में महामंत्री पायल वैद्य, विधायक विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर, पूर्ण चंद, दीपराज, लोकेंद्र कुमार, जिलाध्यक्ष मंडी निहाल चंद शर्मा और सुन्दरनगर से हीरालाल भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में चरस की बड़ी खेप के साथ 28 साल का युवक गिरफ्तार, SIU टीम को मिली कामयाबी
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More