नाहन : शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई गलियों व सड़कों की मरम्मत के लिए नगर परिषद ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। नगर परिषद नाहन के जनरल हाउस में मंगलवार को शहर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को मजबूत करने, सड़कों की मरम्मत और आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें और कूड़ा निर्धारित व्यवस्था के तहत ही दें।
उन्होंने कहा कि बरसात के कारण शहर की कई गलियां और सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इनकी जल्द मरम्मत करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो। इसको लेकर भी नगर परिषद की बैठक में फैसला लिया गया है।
वहीं, शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी नगर परिषद आवश्यक कार्रवाई करेगी। उपमा धीमान ने कहा कि इस संबंध में उच्च न्यायालय के आदेशों और निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को भी जारी होने वाली गाइडलाइन का पालन करना होगा।
