HomeHimachalShimlaशिमला के प्रतिबंधित मार्गों पर रहने वाले निवासियों की समस्याओं को लेकर...

शिमला के प्रतिबंधित मार्गों पर रहने वाले निवासियों की समस्याओं को लेकर सांसद सुरेश कश्यप को सौंपा ज्ञापन

शिमला शहर के प्रतिबंधित मार्गों पर रहने वाले स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय शिमला में सांसद सुरेश कश्यप को ज्ञापन सौंपा।

शिमला : शिमला शहर के प्रतिबंधित मार्गों पर रहने वाले स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय शिमला में सांसद सुरेश कश्यप को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता कर्ण नंदा, श्याम शर्मा, कृष्ण गुप्त तथा शांता कुमार उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद सुरेश कश्यप को अवगत करवाया कि जाखू, यू.एस. क्लब, बेनमोर तथा कनलोग वार्ड के ऊपरी क्षेत्रों में रहने वाले स्थायी निवासियों को वाहन परमिट व्यवस्था के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में बताया गया कि इन क्षेत्रों में कई परिवार पिछले 50 से 60 वर्षों से निवास कर रहे हैं, जबकि अनेक परिवार स्वतंत्रता पूर्व से यहां रह रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अपने निजी वाहनों के लिए बार-बार परमिट लेने की जटिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी और आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल पंचायत चुनाव: सिरमौर में प्रथम चरण में 83.41 प्रतिशत मतदान दर्ज

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि स्थायी निवासियों के लिए दीर्घकालिक रेजिडेंट पास जारी किए जाएं, परमिट शुल्क में तर्कसंगत कमी लाई जाए, एकल खिड़की (सिंगल विंडो) प्रणाली लागू की जाए तथा प्रतिबंधित मार्गों से संबंधित नियमों में स्थानीय निवासियों को छूट प्राप्त श्रेणी में शामिल किया जाए। इसके अतिरिक्त दोपहिया वाहनों एवं स्थानीय निवासियों के अन्य निजी वाहनों को भी परमिट व्यवस्था के दायरे में सरलता के साथ शामिल करने की मांग की गई।

सांसद सुरेश कश्यप ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि स्थानीय निवासियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से संबंधित विभागों एवं प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया जाएगा तथा लोगों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  यूथ नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे हिमाचल के ये खिलाड़ी, टीम पुडुचेरी के लिए रवाना

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि स्थानीय निवासियों की वर्षों पुरानी इस समस्या का शीघ्र समाधान होगा और लोगों को एक सरल एवं जनहितैषी व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More