नाहन : देहरादून-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-07 पर नाहन विधानसभा क्षेत्र में 180 मीटर लंबे बो-स्ट्रिंग ब्रिज का केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10ः00 बजे पुल को जनता को समर्पित किया जाएगा। इस दौरान नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ साथ कई लोग मौजूद रहेंगे। मंत्रालय ने उद्घाटन समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बता दें कि मारकंडा नदी पर खजुरना में बने इस पुल के निर्माण पर 18 से 20 करोड़ रुपए की लागत आई है। पिछले एक साल से इस पुल का निर्माण कार्य नेशनल हाईवे के अधिकारियों की निगरानी में तीव्र गति से जारी रहा। बो-स्ट्रिंग पुल को बेहद ही आकर्षक तरीके से तैयार किया गया है, जो देखने में एक तरह से धनुषाकार आकृति में है।
इस पुल के शुरू होने से वाहन चालकों को हाईवे पर लगभग 400 मीटर की घुमावदार दूरी से राहत मिलेगी। यह नया पुल दशकों पुराने आर्ट ब्रिज की जगह लेगा, जो वर्तमान समय में जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है। आधुनिक तकनीक से तैयार यह पुल न केवल आवागमन को आसान बनाएगा, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। नेशनल हाईवे नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता ईं. राकेश खंडूजा ने 24 जून को पुल के उद्घाटन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुल के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित और सुगम होगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर देहरादून से पांवटा साहिब तक उत्तराखंड क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। वहीं, कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में हरियाणा सीमा तक भी फोरलेन परियोजना पूरी हो चुकी है। हालांकि पांवटा साहिब से कालाअंब तक हिमाचल प्रदेश के हिस्से में फोरलेन निर्माण कार्य अभी शेष है, लेकिन इसी हाईवे पर निर्मित यह बो स्ट्रिंग पुल अब लोकार्पण के लिए पूरी तरह तैयार है।
यह पुल भविष्य में प्रस्तावित फोरलेन परियोजना के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना साबित होगा। साथ ही वर्तमान में भी यह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को बेहतर बनाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएगा।
उधर, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय निवासी मनीष चौहान ने बताया कि कार्यक्रम में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। पुल के लोकार्पण को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 24 जून को आयोजित लोकार्पण समारोह में शामिल होकर इस विकासात्मक उपलब्धि के साक्षी बनने का आह्वान किया।