Home Himachal Shimla शिलाई पेड़ कटान मामले में शिमला में ABVP का प्रदर्शन, सरकार पर...

शिलाई पेड़ कटान मामले में शिमला में ABVP का प्रदर्शन, सरकार पर दोषियों को बचाने का आरोप

एबीवीपी की प्रदेश सह मंत्री तेजस्विनी गुलेरिया ने कहा कि शिलाई में हुई यह घटना शर्मसार करने वाली है, लेकिन अब तक प्रदेश सरकार की ओर से उच्च अधिकारियों और दोषियों पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई है।

0

शिमला : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जिला शिमला ने सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में हुए पेड़ों के अवैध कटान के विरोध में डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मामले में दोषियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग उठाते हुए पर्यावरण संरक्षण को लेकर चिंता व्यक्त की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिलाई क्षेत्र में हो रहा अवैध कटान न केवल प्राकृतिक संतुलन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी गंभीर खतरा बन रहा है। उनका कहना था कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश के पर्यावरण के लिए बेहद चिंताजनक हैं और इन्हें रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने जरूरी हैं।

ये भी पढ़ें:  अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीकरण शुरू, इन चार जिलों के युवा कर सकते हैं आवेदन

एबीवीपी की प्रदेश सह मंत्री तेजस्विनी गुलेरिया ने कहा कि शिलाई में हुई यह घटना शर्मसार करने वाली है, लेकिन अब तक प्रदेश सरकार की ओर से उच्च अधिकारियों और दोषियों पर कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द उचित कार्रवाई नहीं करता है तो संगठन आगामी दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

संजौली इकाई के अध्यक्ष ऋतिक ने कहा कि प्रदेश में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से वन माफिया, खनन माफिया और नशा माफिया के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उनका आरोप था कि शिलाई के इस मामले में प्रदेश सरकार की चुप्पी से ऐसा प्रतीत होता है कि दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द बड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद प्रदेश भर में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

ये भी पढ़ें:  हमीरपुर ने जीती गवर्नर ट्रॉफी, लोकनृत्य प्रतियोगिता में कुल्लू बना विजेता