शिमला : हिमाचल प्रदेश में आज से फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश, ओलावृष्टि, तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 20 अप्रैल तक मौसम खराब रहने और कई जगहों पर बारिश व बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को इन चार जिलों में मौसम के ज्यादा प्रभावी रहने की आशंका है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां मौसम का असर अपेक्षाकृत कम रहेगा, लेकिन बारिश और हवाओं की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 20 अप्रैल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर ही बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 17 और 19 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि 16, 18 और 20 अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना है।
बता दें कि बीते दिनों मौसम के शुष्क रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में लोग गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं। पिछले 24 घंटों में पांवटा साहिब का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केलांग में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री रहा। अब मौसम के बदलने के साथ ही तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है।
