रोहड़ू में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह की उपस्थिति में हुआ भव्य समारोह

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कठिनाइयां एवं विपरीत परिस्थितियां आएंगी, लेकिन क्षेत्र के लोगों में विश्वास और प्यार की बागडोर बनी रहनी चाहिए।

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश के आधुनिक निर्माता पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण पुराना बस अड्डा रोहडू में किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की।

इस अवसर पर भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह एक ऐसी शख्सियत थी, जिनकी बदौलत प्रदेश एवं रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में विकास की गाथा लिखी गई है।

उन्होंने कहा कि राजा साहब ने हर कठिनाइयों एवं विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रखी, जो पार्टी के साथ-साथ विपक्ष के लोग भी याद करते हैं।

हमें आज संकल्प लेना चाहिए कि उनके दिखाए हुए रास्ते पर आगे चलना है, ताकि प्रदेश के विकास में कोई कमी न आए। उन्होंने क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे, जिसके लिए समय-समय पर हम प्रयासरत हैं।

ये भी पढ़ें:  15वां वित्तायोग की वर्ष 2025-26 की शैल्फ के अनुमोदन पर चर्चा, नाहन में हुई जिप की त्रैमासिक बैठक

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कठिनाइयां एवं विपरीत परिस्थितियां आएंगी, लेकिन क्षेत्र के लोगों में विश्वास और प्यार की बागडोर बनी रहनी चाहिए।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की 22 सड़कों के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत 64 करोड़ की सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जिससे क्षेत्र की सड़कों का सुदृढ़ीकरण अवश्य होगा। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़कों के विकास के लिए क्षेत्र में लगभग 250 से 300 करोड़ के कार्य प्रगति पर है।

रोहडू से चिड़गांव सड़क के लिए 19 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसका कार्य प्रगति पर है और जल्द ही इसे पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डोडरा क्वार सड़क के बजट पर केंद्र से रोक लगाई गई थी, जिसे अब सुचारू किया जा चुका है।

ये भी पढ़ें:  शराब कारोबारी पर लगाया 24.77 लाख रुपये का कर व जुर्माना, राज्य कर एवं आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

राजा वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलने की आवश्यकता
पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हम सभी को राजा वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलने की आवश्यकता है, ताकि प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कार्यक्रम में भव्य स्वागत के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजा साहब कहते थे कि रोहडू विधानसभा क्षेत्र में इसलिए चुनाव लड़ना चाहता हूं, ताकि क्षेत्र का संपूर्ण विकास सुनिश्चित हो सके। उसके उपरांत वह यहां से 5 बार विधायक बने। इस दौरान उन्होंने हर क्षेत्र का दौरा किया और विकास की गाथा लिखी।

11.19 करोड़ से बने सन्दौर पुल का किया लोकार्पण
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस दौरान सन्दौर पुल का लोकार्पण भी किया। पुल का निर्माण कार्य लगभग 11 करोड़ 19 लाख रुपए से किया गया है। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। क्षेत्र के लोगों ने मंत्री का इस सौगात के लिए आभार प्रकट किया।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में पकड़ी चिट्टे की इस साल अब तक की सबसे बड़ी खेप, 2 गिरफ्तार

स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राजा साहब का आशीर्वाद हमेशा से ही इस क्षेत्र की जनता के ऊपर रहा है और जो भी बड़े कार्य आज क्षेत्र में हुए हैं, वह सब उनकी देन हैं।

कार्यक्रम के दौरान राजा वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। साथ ही एक गाने का भी विमोचन हुआ है जो राजा वीरभद्र सिंह पर आधारित है। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री ने डॉक्यूमेंट्री और गाने के निर्माणकर्ताओं को सम्मानित भी किया।