सराहां : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के लोगों के आराध्य देव भूर्शिंग महादेव मंदिर में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ हुआ।
मोहाना निवासी और सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता जेएस अत्री एवं उनके पुत्र अधिवक्ता विवेक अत्री अपने परिजनों के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि और प्रदेश के जनकल्याण की कामना को लेकर इस महापुराण ज्ञानयज्ञ का आयोजन करवा रहे हैं।
कथा वाचक आचार्य व्यास चंद्रशेखर चंडी वाले 14 जून तक श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करवाएंगे। रविवार को प्रातः 10:30 बजे निकाली गई कलश यात्रा में पच्छाद उपमंडल के सैकड़ों पुरुषों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन आयोजित हुआ। कथा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए देर शाम तक भंडारा प्रसाद वितरित किया गया। वहीं शाम 7:30 बजे से 9 बजे तक संध्या कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार 8 जून से 13 जून तक प्रतिदिन सुबह मूल पाठ एवं पूजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक भजन-कीर्तन होगा, जबकि दोपहर 12:30 बजे से 4 बजे तक आचार्य व्यास द्वारा कथा सुनाई जाएगी। प्रतिदिन कथा के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
महापुराण ज्ञानयज्ञ का समापन 14 जून को हवन यज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इस दिन प्रातः 10 बजे हवन यज्ञ आयोजित किया जाएगा, जबकि सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कथा प्रवचन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
भूर्शिंग महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष मदन मोहन अत्री ने जिला सिरमौर के सभी श्रद्धालुओं से श्रीमद् भागवत कथा में पहुंचकर धर्म लाभ लेने और कथा का रसपान करने की अपील की।
