नाहन : बिजली बिल जमा करवाने में लापरवाही बरत रहे उपभोक्ताओं पर अब बिजली बोर्ड कार्रवाई करने जा रहा है। बागथन विद्युत उपमंडल में घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं की कुल 1.12 करोड़ रुपये की राशि बकाया है।
इसको लेकर बोर्ड ने 572 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए थे। लिहाजा, जिन उपभोक्ताओं ने बिजली का बिल नहीं भरा, अब उनके कनेक्शन काटने की तैयारी हो चुकी है। इसके लिए संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) को डिस्कनेक्शन आदेश भी जारी किए जा चुके हैं।
बता दें कि बागथन विद्युत उपमंडल में कुल 4557 बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें घरेलू और व्यावसायिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने के लिए बोर्ड ने पहले नोटिस जारी करने की प्रक्रिया अपनाई। हालांकि, कई उपभोक्ताओं ने अपने बिल भी जमा करवाए, लेकिन जिन उपभोक्ताओं ने अब तक राशि जमा नहीं करवाई है, उनके कनेक्शन काटने के आदेश जारी हो चुके हैं।
बिजली बोर्ड के बागथन उपमंडल के सहायक अभियंता केपी सिंह ने बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना अपनी देनदारी जमा करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिस्कनेक्शन आदेश जारी हो चुके हैं और इनके क्रियान्वयन के बाद होने वाली असुविधा के लिए संबंधित उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने उन उपभोक्ताओं को भी जरूरी जानकारी दी, जिनके मोबाइल फोन पर बिजली बिल का मैसेज नहीं पहुंचता। ऐसे उपभोक्ता एचपीएसईबी की आधिकारिक वेबसाइट अथवा मोबाइल ऐप पर अपना बिल देखकर भुगतान कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि बागथन स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय में संपर्क कर उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर अपडेट करवा सकते हैं, ताकि भविष्य में बिजली बिल की सूचना नियमित रूप से उनके मोबाइल पर मिलती रहे।
उन्होंने उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द बिजली बिल जमा करवाकर विभागीय कार्रवाई से बचने की अपील की है, ताकि कनेक्शन कटने के बाद ऐसे उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बहाल करवाने के लिए अलग से परेशानी न उठानी पड़े।
- ये भी पढ़ें : वन कर्मचारी महासंघ के चुनाव में दिनेश कुमार को प्रदेशाध्यक्ष की कमान, नाहन के नायब सिंह को राज्य स्तर पर मिली ये बड़ी जिम्मेदारी
- ये भी पढ़ें : सिरमौर के सरकारी स्कूलों में आया-हेल्पर के 48 पदों पर निकली भर्ती, 25 और 26 नवंबर को होंगे इंटरव्यू





