नाहन : शहर के एवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा अक्षरा ने मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की डांस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्कूल, जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है। दो दिन पहले हुई इस प्रतियोगिता में जीत दर्ज कर अक्षरा ने अपनी प्रतिभा का एक बार फिर लोहा मनवाया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य केके चंदोला ने बताया कि अक्षरा इससे पहले भी जी टीवी, सोनी टीवी, डांस इंडिया डांस और कई बड़े मंचों पर शानदार प्रस्तुति दे चुकी है और छोटी उम्र में कई पुरस्कार अपने नाम कर चुकी है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता से पहले चंडीगढ़ में आयोजित जोनल स्तर की स्पर्धा में भी अक्षरा ने पहला स्थान प्राप्त किया था, जिसके बाद उसे मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
मुंबई में हुए फाइनल मुकाबले में भी अक्षरा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य केके चंदोला ने अक्षरा को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



