HomeHimachalSirmaurनाहन की अंकिता ने जर्मनी में हासिल की नौकरी, माता पद्मावती कॉलेज...

नाहन की अंकिता ने जर्मनी में हासिल की नौकरी, माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा ने बढ़ाया मान

अंतरराष्ट्रीय हेल्थकेयर क्षेत्र में करिअर बनाने के लक्ष्य के साथ अंकिता ने कॉलेज द्वारा संचालित जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम में दाखिला लिया। लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत से उन्होंने जर्मन भाषा का कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया

नाहन : जिला सिरमौर की एक छात्रा ने अपनी पढ़ाई और भाषा कौशल के दम पर जर्मनी में नौकरी हासिल की है। रामपुर माजरी की रहने वाली अंकिता चौधरी का चयन जर्मनी के एक शीर्ष मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में हुआ है। इस उपलब्धि ने माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग के अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट प्रयासों को भी नई मजबूती दी है।

बता दें कि अंकिता चौधरी, अमरजीत सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में माता पद्मावती कॉलेज ऑफ नर्सिंग, नाहन से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसी वर्ष कॉलेज परिसर में जर्मनी प्लेसमेंट के लिए एक विशेष संस्थान की शुरुआत की गई थी, जिसके माध्यम से उनका चयन जर्मनी के अस्पताल में हुआ है।

ये भी पढ़ें:  यहां 15 से 17 जनवरी तक मशीन ऑपरेट और हेल्पर अप्रेंटिस के 400 पदों के लिए होंगे कैंपस इंटरव्यू

अंतरराष्ट्रीय हेल्थकेयर क्षेत्र में करिअर बनाने के लक्ष्य के साथ अंकिता ने कॉलेज द्वारा संचालित जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम में दाखिला लिया। लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत से उन्होंने जर्मन भाषा का कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया और जर्मनी में नौकरी हासिल करने के लिए जरूरी सभी प्रक्रियाएं और शर्तें पूरी कीं। जर्मनी पहुंचने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।

इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता ने खुशी जताते हुए इसे बेटी की मेहनत, लगन और संस्कारों का परिणाम बताया। वहीं, कॉलेज के शिक्षकों ने कहा कि अंकिता शुरू से ही मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं।

ये भी पढ़ें:  संगड़ाह में गहरी खाई में गिरी कार, 31 साल के युवक की दर्दनाक मौत, 2 घायल

कॉलेज की प्राचार्या रिजी गीवरगीज ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वहीं, चेयरमैन अनिल जैन और जनरल सेक्रेटरी सचिन जैन ने भी अंकिता को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कॉलेज प्रतिनिधियों ने कहा कि जर्मनी में कुशल नर्सिंग प्रोफेशनल्स की बढ़ती मांग को देखते हुए भाषा ज्ञान और पेशेवर दक्षता अंतरराष्ट्रीय रोजगार हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता की सफलता उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है जो विदेश में बेहतर करिअर बनाने का सपना देखते हैं। कॉलेज प्रबंधन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।

ये भी पढ़ें:  शमलाटी मझगांव स्कूल की आंचल का नवोदय विद्यालय के लिए चयन
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More