नाहन : माउंटेन मार्शल आर्ट्स डोजो नाहन में बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें चयनित विद्यार्थियों का परीक्षण हिंदू आश्रम स्थित एमएमए डोजो में हिमाचल प्रदेश के मुख्य परीक्षक शिहान इकबाल मलिक ने लिया। टेस्ट के बाद तीन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नई बेल्ट हासिल की।

परीक्षण में दिव्यांश शर्मा ने 5th क्यू ब्लू बेल्ट, जबकि अर्णव शर्मा और वैष्णवी शर्मा ने 8th क्यू येलो बेल्ट प्राप्त की। डोजो और जिला सिरमौर के मुख्य प्रशिक्षक सेंसेई प्रवीण कुमार ने बताया कि यह टेस्ट केवल चयनित विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था और तीनों ने काता, कुमिते और फिटनेस के आधार पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रमोशन हासिल किया।
उन्होंने बताया कि परीक्षण उत्तर भारत और हिमाचल प्रदेश के मुख्य प्रशिक्षक शिहान इकबाल मलिक की देखरेख में सम्पन्न हुआ। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को सेंसेई प्रवीण कुमार ने बेल्ट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
सेंसेई प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिलाने में उनकी जागरूकता सराहनीय है।


