सराहां (सिरमौर) : जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल के डिंगरी सर्जेट गांव में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश के बीच एक कार फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि कार करीब 300 फीट गहरी खाई में गिरने के बाद पेड़ से लटककर खड़ी हो गई।
जानकारी के अनुसार कार (HP52A-6482) में डिंगरी सर्जेट गांव के तीन लोग मढ़ीघाट से अपने घर लौट रहे थे। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही लोग दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद कई बार 108 एंबुलेंस सेवा पर फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय पर प्राथमिक उपचार मिल जाता तो एक जान बचाई जा सकती थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने अपने निजी वाहन से घायलों को सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान तपेंद्र सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी डिंगरी सर्जेट, डाकघर मल्होटी, ग्राम पंचायत लाल टिक्कर, तहसील पच्छाद की मौत हो गई। उनकी पत्नी प्रभा देवी का सिविल अस्पताल सराहां में उपचार चल रहा है, जबकि कार चालक एवं तपेंद्र सिंह के जीजा बलवंत सिंह निवासी मरयोग की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार तड़के से जिला सिरमौर में लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण जिले की कई सड़कें बंद हैं, जिससे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं और जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि कार दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
