नाहन : जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर द्वारा 15 जून 2026 को जिला स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस व्यापक अभ्यास का उद्देश्य भूकंप, बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ और वन अग्निकांड जैसी आपदाओं के दौरान विभिन्न विभागों और संस्थाओं की तैयारियों, समन्वय व त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करना है।
मेगा मॉक ड्रिल के अंतर्गत जिले के विभिन्न उपमंडलों में कुल आठ स्थलों का चयन किया गया है, जहां अलग-अलग आपदा परिदृश्यों के अनुसार राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।
चिन्हित स्थलों में नाहन मुख्यालय स्थित रूचिरा पेपर्स में अग्निकांड और भूकंप से क्षति, पच्छाद उपमंडल की एसवीएन कॉलोनी सराहां में भवन ध्वस्त होने, राजगढ़ के शिरगुल चौक बाजार में भवन गिरने, पांवटा साहिब के सिरमौरी ताल क्षेत्र में भूस्खलन, शिलाई के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टिंबी में बाढ़ और भवन क्षति, कफोटा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सतौन में भवन ध्वस्त होने और अग्निकांड, संगड़ाह के पुराना तहसील भवन रेणुकाजी में भवन गिरने तथा नाहन मुख्यालय के बनेठी विश्राम गृह के समीप रात्रिकालीन वन अग्निकांड की घटनाओं पर आधारित मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन के अनुसार इस अभ्यास में पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, गृह रक्षक, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित संस्थाएं भाग लेंगी।
मेगा मॉक ड्रिल के दौरान खोज एवं बचाव, घायलों को प्राथमिक उपचार, निकासी, राहत शिविर प्रबंधन, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय का परीक्षण किया जाएगा।
