नाहन : जिला सिरमौर में हिमाचल दिवस का जिला स्तरीय समारोह ऐतिहासिक चौगान मैदान में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि 15 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले इस समारोह में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और इसके साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आकर्षक मार्चपास्ट का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने यह जानकारी शनिवार को उपायुक्त कार्यालय में समारोह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्य अतिथि 15 अप्रैल को नाहन शहर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करेंगे और हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया जाएगा। इसके उपरांत मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे और आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी लेंगे।
उन्होंने बताया कि समारोह में पुलिस और गृह रक्षकों की टुकड़ियों के साथ-साथ एनसीसी और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे। इसके अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो समारोह का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
प्रियंका वर्मा ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित किया जाए, ताकि हिमाचल दिवस समारोह का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में सहायक आयुक्त विवेक शर्मा ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मदवार प्रस्तुति दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
