धौलाकुआं (सिरमौर) : भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), नई दिल्ली के स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, धौलाकुआं सिरमौर में इफको के सहयोग से किसान परिचर्चा एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, आधुनिक उर्वरकों और केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर खेती के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में इफको के हिमाचल प्रदेश प्रमुख डॉ. सुधीर सिंह कटियार, वरिष्ठ प्रबंधक पवन कुमार सारस्वत और फील्ड अफसर रोहित शर्मा ने किसानों के साथ संवाद किया। उन्होंने इफको के विभिन्न उत्पादों जैसे नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, सागरिका तथा घुलनशील उर्वरकों के उपयोग, उनकी विशेषताओं और फसल उत्पादन बढ़ाने में उनकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रभारी डॉ. पंकज मित्तल ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के स्थापना दिवस पर “हर पल-हर डगर, किसानों का हमसफर” अभियान के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि भारत सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं और नई तकनीकों का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंच सके।
उन्होंने किसानों को चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के धौलाकुआं परिसर में विकसित हो रही नई कृषि तकनीकों, अनुसंधान और नवाचारों की जानकारी देते हुए इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर किसान उत्पादन बढ़ाने के साथ अपनी आय में भी वृद्धि कर सकते हैं।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी किसानों को कृषि उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से इफको के उन्नत कृषि उत्पाद भी उपलब्ध कराए गए। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में उपयोगी कदम बताया।
