त्रिलोकपुर : उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महामाया श्री बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में आयोजित 15 दिवसीय चैत्र नवरात्र मेले में आस्था का बड़ा सैलाब देखने को मिला, जहां करीब 5.50 लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। भारी भीड़ और लगातार पहुंच रहे श्रद्धालुओं को देखते हुए मेले को अब दो दिन और बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं ने माता को दो करोड़ से अधिक की नगदी, सोना, चांदी और विक्टोरिया कॉइन अर्पित किए। वहीं मंदिर न्यास ने दुकानदारों को आवंटित प्लाट, बोटिंग और अन्य साधनों से करीब एक करोड़ रुपए की अतिरिक्त आमदनी की। इस तरह कुल मिलाकर 15 दिनों में मेले से करीब तीन करोड़ रुपए की आय दर्ज की गई।
मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि पूरे मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या साढ़े पांच लाख के पार पहुंच गई और आय के सभी स्रोतों को मिलाकर तीन करोड़ रुपए की आमदनी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ से लगातार आ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले को दो दिन के लिए और बढ़ाया गया है।
इस बार सिरमौर संस्कृति संग्रहालय और शिव मंदिर परिसर में शुरू की गई बोटिंग की सुविधा श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र रही। शिव मंदिर परिसर में आयोजित शिवगोरा की महाआरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक माहौल का अनुभव किया।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग और भंडारे की व्यवस्था मंदिर न्यास द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से की गई, जिससे बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
