Home Himachal Sirmaur मोगीनंद से कालाअंब और त्रिलोकपुर सड़क की खस्ता हालत से उद्योगपति हताश,...

मोगीनंद से कालाअंब और त्रिलोकपुर सड़क की खस्ता हालत से उद्योगपति हताश, लघु उद्योग भारती ने सोलंकी को सौंपा ज्ञापन

जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की सड़कों की खराब हालत से न सिर्फ वाहन चालक परेशान हैं, बल्कि उद्योगपतियों और स्थानीय लोगों में भी रोष बढ़ रहा है।

0

नाहन : जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की सड़कों की खराब हालत से न सिर्फ वाहन चालक परेशान हैं, बल्कि उद्योगपतियों और स्थानीय लोगों में भी रोष बढ़ रहा है। आलम ये है कि कालाअंब क्षेत्र को जोड़ने वाले हाईवे (सिरमौर क्षेत्र) तक की हालत भी कुछ सही नहीं है। इसके साथ साथ उत्तर भारत के प्रसिद्ध श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर को जोड़ने वाली त्रिलोकपुर सड़क लोगों के लिए भारी दुश्वारियों का सबब बनी हुई है।

मोगीनंद-कालाअंब हाईवे और कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क की खराब हालत को लेकर गुरुवार को लघु उद्योग भारती ने विधायक अजय सोलंकी को नाहन में ज्ञापन सौंपकर इनकी शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी, महासचिव दान सिंह ने कहा कि इन सड़कों पर पड़े गहरे गड्ढे, टूटी फूटी सतह और धूल मिट्टी के गुबारों के बीच आम लोगों, उद्योगों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

ये भी पढ़ें:  बच्चों ने स्कूल कक्ष में ही उगा दी बटन मशरूम, मिड डे मील में जाएगी परोसी, हिमाचल में ऐसा पहली बार!

उन्होंने बताया कि कालाअंब प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां कई लघु और मध्यम उद्योग संचालित हैं। वहीं सड़क की जर्जर स्थिति के कारण कच्चे माल की आपूर्ति, तैयार माल की ढुलाई और कर्मचारियों के आवागमन में बाधा पैदा हो रही है, जिससे उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह सड़कें धार्मिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण हैं और नवरात्रि के दौरान त्रिलोकपुर मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से यातायात दबाव और बढ़ जाएगा। त्रिलोकपुर सड़क की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। इस सड़क की टारिंग जगह जगह टूट चुकी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने इस सड़क का जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की, ताकि नवरात्रि के दौरान लोगों को असुविधा न हो।

ये भी पढ़ें:  डा. बिंदल ने रचा था नगर परिषद नाहन का सियासी ड्रामा, कांग्रेस ने लगाए ये गंभीर आरोप

इस मौके कर लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने जनहित में सड़क की शीघ्र मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए जल्द सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई। उधर, विधायक सोलंकी ने सड़कों के जल्द सुधार को लेकर उद्योगपतियों को आश्वस्त किया।