पांवटा साहिब : माजरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धौलाकुआं क्षेत्र में दो लावारिस वाहनों से 47 पेटियां देसी शराब बरामद की हैं। पुलिस ने 564 बोतल अवैध शराब और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को माजरा थाना की टीम गश्त के दौरान धौलाकुआं में मौजूद थी। इसी दौरान आईआईएम गेट से आगे गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे खड़ी महिन्द्रा जाइलो (HP17C-1856) और अशोक लीलैंड टेंपो (HP71A-4416) को संदिग्ध अवस्था में पाया गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने नियमानुसार दोनों वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान जाइलो से 30 पेटियां और टेंपो से 17 पेटियां यानी कुल 47 पेटियां अवैध देसी शराब ‘संतरा’ बरामद हुई। बरामद शराब में कुल 564 बोतलें पाई गईं।
पुलिस ने दोनों वाहनों और शराब को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन में शामिल लोगों और अवैध तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रही है।
