संगड़ाह : सिरमौर पुलिस ने नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना संगड़ाह क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2.95 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर मामले दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पहला मामले में पुलिस चौकी हरिपुरधार की टीम गश्त के दौरान काला मोड़ हरिपुरधार के पास मौजूद थी। गुप्त सूचना के आधार पर कार की तलाशी लेने पर चालक विजय निवासी जुब्बली, तहसील कुपवी, जिला शिमला और आयुष्मान निवासी बरमाणा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के कब्जे से 0.65 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना संगड़ाह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में पुलिस थाना संगड़ाह की टीम गश्त के दौरान सैंजघाट के पास मौजूद थी। गुप्त सूचना के आधार पर राम स्वरूप उर्फ बबलू निवासी गांव व डाकघर भवाई, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर की तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 2.3 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ भी पुलिस थाना संगड़ाह में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच जारी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में चिट्टा की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
