नाहन : तीन मार्च को लगने वाले चंद्र ग्रहण के दौरान त्रिलोकपुर स्थित महामाया श्री बाला सुंदरी मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए कपाट बंद रहेंगे। मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि मंदिर के कपाट सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर बंद कर दिए जाएंगे और शाम 6 बजकर 47 मिनट पर ग्रहण मोक्ष के बाद खोले जाएंगे। इस अवधि में दर्शन, पूजा-अर्चना, भोग और किसी भी प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान की अनुमति नहीं होगी।

ये मंदिर उत्तर भारत की प्रसिद्ध सिद्धपीठों में शामिल है, जहां हिमाचल, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं को असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन ने पहले ही सूचना जारी कर दी है, ताकि लोग अपनी यात्रा उसी अनुसार तय करें।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण काल को अशुद्ध समय माना जाता है, इसलिए इस दौरान मंदिरों में नियमित पूजा-पाठ स्थगित रहता है। ग्रहण समाप्त होने के बाद विधि-विधान से शुद्धिकरण, तर्पण और विशेष पूजा के उपरांत ही श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी।



