सिरमौर : जिला सिरमौर में अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। पच्छाद में कार और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति घायल हुआ, जबकि रेणुकाजी में बाइक की टक्कर से दंपती घायल हो गया। शिलाई में ब्रेक न लगने से सेब से लदी पिकअप सड़क से नीचे जा गिरी, जिसमें तीन लोग चोटिल हुए। पुलिस ने तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पच्छाद में कार-बाइक की टक्कर
पच्छाद थाना क्षेत्र में क्वागधार हेलीपैड के पास कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार पंकज कुमार घायल हो गया। पुलिस को दी शिकायत में डॉ. निखिल भारद्वाज निवासी धनोह, जिला बिलासपुर ने बताया कि वह अपनी थार (एचपी24एफ-2110) में चंडीगढ़ से सराहां जा रहे थे।
सुबह करीब 10 बजे क्वागधार हेलीपैड से कुछ पीछे मोड़ पर सराहां की ओर से आ रही बाइक (एचआर04के-5637) तेज रफ्तार में गलत दिशा में आई और उनकी कार से टकरा गई। बाइक पंकज कुमार निवासी नारायणगढ़ चला रहा था। हादसे में उसे काफी चोटें आईं। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेणुकाजी में दंपती को बाइक ने मारी टक्कर
रेणुकाजी थाना क्षेत्र के संगड़ाह चौक पर दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में पति-पत्नी घायल हो गए। पुलिस को दी शिकायत में दीपक निवासी रौंडी ने बताया कि वह 6 सितंबर को अपनी बाइक (एचपी79-4371) पर बड़ग से कालाआंब जा रहा था।
दोपहर करीब एक बजे संगड़ाह चौक पर ददाहू की ओर मुड़ते समय सामने से तेज रफ्तार और गलत दिशा में आई बाइक ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में वह और उसकी पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। टक्कर मारने वाली बाइक पर दो लोग सवार थे, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिलाई में ब्रेक न लगने से सड़क से नीचे गिरी पिकअप
शिलाई थाना क्षेत्र में बगनल के पास सेब ढुलाई के लिए जा रही पिकअप के ब्रेक न लगने से वाहन सड़क से नीचे चला गया। हादसे में तीन लोग घायल हुए। पुलिस को दी शिकायत में जयपाल निवासी जबड़ोऊ ने बताया कि वह ड्यूटी के लिए हाबन जा रहा था।
रास्ते में उसे रोहित और मनोज मिले, जो पिकअप (एचपी71ए-7323) में सेब ढुलाई के लिए जा रहे थे। तीनों जबडोऊ से पिकअप में सवार होकर निकले।
बगनल के पास चालक रोहित के ब्रेक लगाने पर ब्रेक काम नहीं करने से पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चली गई। हादसे में जयपाल, मनोज और चालक रोहित घायल हो गए। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सड़क हादसों के केस दर्ज कर पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है।
