बद्दी : स्थानीय हनुमान चौक क्षेत्र से लापता हुई 3 वर्षीय बच्ची को महिला पुलिस थाना बद्दी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित खोजकर उसके परिजनों से मिला दिया।
पुलिस को 3 वर्षीय बच्ची अनिशा उर्फ बाबू के लापता होने की सूचना मिलते ही महिला थाना बद्दी की टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। सूचना के बाद आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन की गई और सभी पुलिस इकाइयों को भी बच्ची के संबंध में जानकारी साझा की गई।
महिला थाना बद्दी की टीम के लगातार प्रयासों के चलते लापता बच्ची को रेड लाइट चौक, बद्दी के समीप सुरक्षित अवस्था में ढूंढ लिया गया। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बद्दी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस सदैव तत्पर है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाती है।
