बीबीएन : निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच देकर 25.65 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
माननीय न्यायालय JMFC नालागढ़ के आदेशों की अनुपालना में पुलिस थाना बद्दी में शिकायतकर्ता बलविंद्र सिंह निवासी गांव बिलांवाली लबाना, तहसील बद्दी, जिला सोलन (हि.प्र.) की शिकायत पर धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने निवेश की गई राशि को दोगुना करने का झांसा देकर उससे कुल 25.65 लाख रुपये प्राप्त किए।
निर्धारित समयावधि बीतने के बाद भी आरोपियों ने न तो वादा की गई राशि लौटाई और न ही शिकायतकर्ता की मूल रकम वापस की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पैसे वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
इस पर न्यायालय के आदेशानुसार पुलिस थाना बद्दी में आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की जांच नियमानुसार की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

