सोलन : जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) सोलन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस कार्रवाई को चक्की मोड़ के समीप स्थित एक होटल में अंजाम दिया, जहां एक कमरे में महिला सहित 10 लोगों को ताश के पत्तों पर नकद राशि दांव पर लगाकर जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से ₹78,078 की जुए की राशि, ताश के पत्ते और गैम्बलिंग चिप्स/कॉइन्स बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह गुप्त सूचना मिली कि होटल के एक कमरे में कुछ लोग गैम्बलिंग कॉइन्स और चिप्स के माध्यम से धनराशि दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद एसआईयू सोलन की टीम ने होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कमरे में 10 लोग जुआ खेलते पाए गए, जिनमें एक महिला और नौ पुरुष शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवीन निवासी डेराबस्सी, जिला मोहाली (पंजाब), अनूप निवासी पटियाला (पंजाब), मोहन सिंह निवासी जिला सिरमौर (हिमाचल प्रदेश), विक्रम सिंह निवासी देहरादून (उत्तराखंड), तायडे गणेश निवासी बुलढाणा (महाराष्ट्र), हाल निवासी जिला पंचकूला (हरियाणा), साहिल निवासी जीरकपुर (पंजाब), संजू राम निवासी जिला पंचकूला (हरियाणा), मोहित मेहता निवासी जिला करनाल (हरियाणा), करण कुमार निवासी मोहाली (पंजाब) और कंचन सिंह निवासी रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई है।
एसपी सोलन एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके से ताश के पत्ते, गैम्बलिंग चिप्स/कॉइन्स और ₹78,078 नकद बरामद कर कब्जे में ले लिए। इस संबंध में पुलिस थाना परवाणू में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ की है और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत उन्हें पाबंद किया गया है। साथ ही आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।
