कुनिहार : जिला सोलन के कुनिहार क्षेत्र में पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस थाना कुनिहार की टीम ने ये कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने जाडली बनिया देवी लिंक रोड पर नाकेबंदी कर एक महिंद्रा पिकअप वाहन को रोका।
जांच के दौरान वाहन से कुल 149 पेटियां शराब बरामद हुईं, जिनमें 99 पेटियां देशी शराब (हिम संतरा और पैराडाइज संतरा) और 50 पेटियां अंग्रेजी शराब (Royal Stag, All Season, Iconiq White) pakdi। बरामद शराब में 1188 बोतलें देशी और 600 बोतलें अंग्रेजी शराब पाई गईं। वाहन चालक इस शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
इस संबंध में पुलिस थाना कुनिहार में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम 2011 की धारा 39(1)(a) के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में आरोपी बृज लाल (31) निवासी गांव कासल, डाकघर पट्टा मेह्लोग, तहसील कसौली, जिला सोलन को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई। आरोपी को बीएनएसएस 2023 की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पुलिस थाना बरोटीवाला में शराब तस्करी का एक अन्य मामला दर्ज है, जिसमें उसके कब्जे से 10 पेटियां अवैध शराब (अंग्रेजी, देशी और बीयर) बरामद की गई थीं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह शराब कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई करने की योजना थी। मामले में आगे की जांच जारी है।



