सोलन : ओच्छघाट क्षेत्र से लोहे के चैनल चोरी मामले में पुलिस थाना सदर सोलन ने दो आरोपियों को पिंजौर से गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। चोरी हुए चैनलों की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। टीम ने मामले में प्रयुक्त वाहन को भी कब्जे में लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसपी सोलन तिरुमला राजू एसडी वर्मा ने बताया कि ठेकेदारी का काम करने वाले शामती निवासी नरेश कुमार ने 24 फरवरी को पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 14 फरवरी को ओच्छघाट में काम समाप्त करने के बाद वह मिक्सर मशीन और 6 लोहे के चैनल लेकर अपने घर धरांजटी जा रहे थे। मझगांव के पास उनकी गाड़ी खराब हो गई, जिस पर उन्होंने मिक्सर मशीन और चैनल सड़क किनारे उतार दिए और वाहन की मरम्मत के लिए बाईपास सोलन चले गए। 14 और 16 फरवरी को मौके पर सामान सुरक्षित मिला, लेकिन 17 फरवरी को वहां पहुंचने पर मिक्सर मशीन में रखे 6 लोहे के चैनल गायब मिले।
इस पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर पुलिस ने 26 फरवरी को कार्रवाई करते हुए अभिषेक (23) निवासी भक्ति बिल्डिंग बालूगंज (शिमला) और अक्षय (24) निवासी गुप्ता निवास टुटू शिमला हाल गणेश पेपर स्टोर/जंक शॉप रामपुर सियुड़ी, सूरजपुर, पिंजौर (हरियाणा) को पिंजौर से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पिंजौर से सामान छोड़ने सोलन आए थे और वापसी के दौरान सड़क किनारे रखे लोहे के चैनल वाहन में लोड कर चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरी हुए सभी 6 चैनल बरामद कर लिए हैं और वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं और उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।



