Home Himachal नाहन-कुमारहट्टी NH-907A पर सफर होगा मजेदार, जानें क्या हो रही है तैयारी

नाहन-कुमारहट्टी NH-907A पर सफर होगा मजेदार, जानें क्या हो रही है तैयारी

0
Nahan-kumarhattiNH907

नाहन: नेशनल हाईवे 907-A नाहन-कुमारहट्टी का सफर अब और अधिक मजेदार हो जाएगा. इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. जल्द ही इंटरमीडिएट स्तर के इस हाईवे को डबललेन किया जाएगा. ये हाईवे जिला सिरमौर के दो उपमंडलों नाहन व पच्छाद और सोलन के एक उपमंडल से गुजरेगा.

एलाइनमेंट प्रस्ताव तैयार कर विभागीय स्तर पर इसके निर्माण को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है, जिसमें नेशनल हाईवे से सटी पंचायतों और इसकी जद में आने वाली लोगों की जमीनों को लेकर आपत्तियां और सुझाव मांगे जा रहे हैं. पहले चरण की बैठक नाहन में संपन्न हो चुकी है. अब प्रशासन पच्छाद के सराहां में बैठक कर रहा है, जिसमें हाईवे निर्माण को लेकर तैयार की गई एलाइनमेंट को लेकर लोगों से परामर्श लिया जाएगा. साथ ही आपत्तियां भी दर्ज होंगी. तीसरे चरण की बैठक इसी माह सोलन जिला में आयोजित होगी.

दरअसल, डीपीआर तैयार करने वाली कंसल्टेंसी ने हाईवे के निर्माण के लिए एक एलाइनमेंट तैयार की है. इसके बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी नाहन मंडल की ओर से गत 5 दिसंबर को दोसड़का (शिमला) के एक निजी होटल में पहले चरण की बैठक हो चुकी है. इस बैठक में प्रस्तावित एलाइनमेंट पर नाहन उपमंडल के लोगों की आपत्तियां दर्ज की गईं. अब पच्छाद उपमंडल प्रशासन की तरफ से हाईवे के चौड़ीकरण के मद्देनजर 16 दिसंबर को बैठक हो रही है.

ये भी पढ़ें:  नेशनल हाईवे-07 पर दोसड़का इलाके में रात को अंधेरा, हर समय खतरे का साया

73 किलोमीटर का होगा निर्माण
विभाग के मुताबिक उक्त नेशनल हाईवे का प्रारंभिक बिंदु दोसड़का (कालाअंब) है, लेकिन निर्माण कार्य बनोग से शुरू किया जाएगा. इसके तहत 73 किलोमीटर के हाईवे को डबललेन होगा. हालांकि प्रारंभिक बिंदु से कुमारहट्टी तक की दूरी 78 किलोमीटर है. वर्तमान में यह मार्ग एक इंटरमीडिएट हाईवे है, जिसे करीब 5 वर्षों पहले नेशनल हाईवे घोषित किया गया था.

इस सूरत में एक वर्ष में शुरू होगा निर्माण
बताया जा रहा है कि निर्माण से पहले की सभी औपचारिकताएं कंसल्टेंसी पूरी करेगी. यदि सब कुछ योजना के अनुसार चला तो एक वर्ष के भीतर सड़क के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो सकता है. डबललेन होने से नाहन से कुमारहट्टी के बीच यात्रा सुगम हो जाएगी. साथ ही चंडीगढ़, देहरादून व शिमला जैसे प्रमुख शहरों के साथ बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होने से व्यापार, पर्यटन और स्थानीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.

ये भी पढ़ें:  मार्च के शुरुआत में ही चढ़ा पारा, कई शहरों में तापमान 30 पार, जानें कब करवट लेगा मौसम

ये होता है इंटरमीडिएट रोड
वर्तमान में ये सड़क इंटरमीडिएट रोड़ है, जिसे मध्यम दर्जे की सड़क या मध्यम सड़क कहा जा सकता है. यह सड़कें आम तौर पर नेशनल हाइवेज और स्थानीय सड़क नेटवर्क के बीच की कड़ी होती हैं, जो शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ती है. इन सड़कों की चौड़ाई और गुणवत्ता सामान्यतः उच्च प्राथमिकता वाली सड़कों से कम होती है, लेकिन ये फिर भी यात्रा के लिए काफी महत्वपूर्ण रहती है.

‘हाइवे का चौड़ीकरण किया जाना है. लिहाजा जिन पंचायतों का क्षेत्र संबंधित हाइवे के साथ लगता है या क्षेत्र के जिन लोगों की निजी भूमि इस हाइवे के साथ लगती है, उनसे आपत्तियां व परामर्श लिए जाएंगे. इसके लिए 16 दिसम्बर को सराहां में बैठक बुलाई गई है. संबंधित क्षेत्रों के लोग इस बैठक में भाग लेकर अपनी-अपनी आपत्तियां व परामर्श अवश्य दर्ज करवाएं। -डा. प्रियंका चंद्रा, एसडीएम पच्छाद

ये भी पढ़ें:  नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे 907ए पर दो गाड़ियों में टक्कर

‘नाहन-कुमारहट्टी हाईवे को डबललेन किया जाना है. इसके तहत एलाइनमेंट प्रस्ताव तैयार चौड़ीकरण के कार्य को लेकर लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे जा रहे हैं. सराहां के बाद जिला सोलन में इसी माह बैठक बुलाई जानी है. इस प्रक्रिया से स्थानीय जनता को अपनी राय देने का मौका मिलेगा, ताकि परियोजना की योजना और कार्यान्वयन में जनता की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. -राकेश खंडूजा, अधीक्षण अभियंता, नेशनल हाइवे अथॉरिटी