HomeHimachalपहाड़ों पर मानवता की मिसाल : जान जोखिम में डाल बीमार गाय...

पहाड़ों पर मानवता की मिसाल : जान जोखिम में डाल बीमार गाय पीठ पर उठा पहुंचाया अस्पताल

जरा सी चूक या संतुलन बिगड़ने का परिणाम जानलेवा दुर्घटना हो सकता था, लेकिन ग्रामीणों ने धैर्य और सूझबूझ से काम लिया। इस दौरान अन्य ग्रामीणों ने भी उनके पीछे-पीछे चलकर पीठ पर बंधी गाय को सहारा देकर उसे अस्पताल पहुंचाने में अपना भरपूर सहयोग किया।

शिलाई : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जहां 2 ग्रामीण डेढ़ से दो क्विटंल वजनी बीमार गाय को पीठ पर उठाकर सड़क तक पहुंचाते हुए नजर आए। साथ ही अन्य ग्रामीण भी गाय को सहारा दे रहे हैं। इन ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश कर बेजुबान पशु की जान बचाई है।

ये मामला जिला सिरमौर के दुर्गम क्षेत्र शिलाई की क्यारी गुंडाह पंचायत का है। बुधवार को इस मामले का वीडियो सामने आने के बाद दोनों ग्रामीणों की बहादुरी की हर कोई प्रशंसा कर रहा है। इन दोनों ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डाल बीमार गाय को अपनी पीठ पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया।

ये भी पढ़ें:  फोरेंसिक टीम ने लॉकअप का बारीकी से किया निरीक्षण, न्यायिक जांच जारी

दरअसल, यह मामला करीब एक सप्ताह पहले का है, जिसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पड़ताल करने पर पाया गया कि ये वीडियो शिलाई विधानसभा क्षेत्र की क्यारी गुंडाह के कुराई गांव का है। इस गांव के दीप राम शर्मा की गाय कई दिन से बीमार थी और उसे तुरंत इलाज की आवश्यकता थी।

वेटरनरी अस्पताल हालांकि केवल 3 किलोमीटर दूर गुडाहां गांव में था, लेकिन भारी बरसात के कारण पहाड़ी रास्ता कई जगहों से टूट चुका था। लिहाजा, बीमार गाय को अस्पताल पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बन गया था। उसे वाहन से ले जाना तो दूर, पैदल ले जाना भी लगभग असंभव था। इस बीच गौमाता की जान बचाने के लिए दयाराम और लाल सिंह देवदूत बनकर आगे आए।

ये भी पढ़ें:  काकड़ शिकार केस : पेड़ पर बैठकर मारी थी गोली, न्यायिक हिरासत में भेजा आरोपी, एसीएफ आदित्य शर्मा को जांच का जिम्मा

उन्होंने इस असंभव से लगने वाले कार्य को संभव कर दिखाया। उन्होंने रस्सियों की मदद से डेढ़ से दो क्विंटल वजनी गाय को अपनी पीठ पर बांधा और जोखिम भरे पहाड़ी रास्ते पर चलना शुरू किया। जरा सी चूक या संतुलन बिगड़ने का परिणाम जानलेवा दुर्घटना हो सकता था, लेकिन ग्रामीणों ने धैर्य और सूझबूझ से काम लिया।

इस दौरान अन्य ग्रामीणों ने भी उनके पीछे-पीछे चलकर पीठ पर बंधी गाय को सहारा देकर उसे अस्पताल पहुंचाने में अपना भरपूर सहयोग किया। सधे हुए कदमों से चलते हुए उन्होंने गाय को रास्ते का टूटा हुआ हिस्सा पार कराया और गाय को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उचित इलाज मिल सका। एक दिन इलाज के बाद गाय अब बिल्कुल स्वस्थ है।

ये भी पढ़ें:  6ठी IRBN धौलाकुआं ने स्कूलों में चलाए नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

इन दोनों ग्रामीणों की गौ सेवा, साहस और मानवता के अनूठे और प्रेरणादायक प्रयासों की चारों ओर सराहना हो रही है। उधर, क्यारी गुंडाह पंचायत की प्रधान स्नेह लता ने बताया कि इन दोनों ग्रामीणों ने बीमार गाय को पीठ पर उठाकर करीब 300 से 400 मीटर का टूटा और चढ़ाई वाला रास्ता पार करवाया। ये दोनों मानवीयता और गौसेवा की बड़ी मिसाल बने हैं।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More