मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। नेरचौक के पास डडौर में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जा टकराई, जिसमें कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गत सोमवार रात पेश आया। दुर्घटना से शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार एचपी 82-8322 नंबर की कार नेरचौक से सुंदरनगर की ओर जा रही थी, जिसमें पांच लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे में अनिल कुमार (28) निवासी पलाही, रोहित कुमार (26) निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार (35) निवासी पलाही की मौत हो गई। वहीं हरीश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
उधर, इस हादसे पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
