HomeHimachalकोटड़ी व्यास के 3 खिलाड़ी नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में करेंगे हिमाचल का...

कोटड़ी व्यास के 3 खिलाड़ी नेशनल रग्बी चैंपियनशिप में करेंगे हिमाचल का प्रतिनिधित्व, कलिंगा स्टेडियम में दिखेगा सिरमौर का दम

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 22 जनवरी तक ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित की जा रही है, जिसका आयोजन इंडियन रग्बी फुटबॉल फेडरेशन और ओडिशा रग्बी एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है।

पांवटा साहिब : जिला सिरमौर की पंचायत कोटड़ी व्यास के होनहार खिलाड़ी आर्यन, अंकित और लक्ष्य का चयन 10वीं सब जूनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 22 जनवरी तक ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित की जा रही है, जिसका आयोजन इंडियन रग्बी फुटबॉल फेडरेशन और ओडिशा रग्बी एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है।

इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जिसके आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। उनके चयन से न केवल पंचायत कोटड़ी व्यास बल्कि पूरे जिला सिरमौर में खुशी और उत्साह का माहौल है।

ये भी पढ़ें:  @Drops Of Hope के इन रक्तवीरों से मिलिए, हिमाचल ही नहीं बाहरी राज्यों में भी बचा रहे अनमोल जीवन

चयनित खिलाड़ियों में आर्यन पुत्र राजकुमार (उप कोटड़ी), अंकित पुत्र मुकेश और लक्ष्य पुत्र मान सिंह व्यास शामिल हैं। खिलाड़ियों के माता-पिता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया।

पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कोटड़ी व्यास क्षेत्र तेजी से एक उभरते हुए खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यहां से और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर बीडीसी सदस्य शशि बाला, प्रिंसिपल रघुबीर तोमर, शिक्षाविद सेवानिवृत्त प्रिंसिपल अजय शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने कोच और शारीरिक शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी की भूमिका की भी सराहना करते हुए उन्हें विशेष बधाई दी।

ये भी पढ़ें:  15 फरवरी को पंचवक्त्र महादेव मंदिर के समीप ब्यास तट पर होगी महाआरती

ग्रामीणों ने कहा कि आर्यन, अंकित और लक्ष्य की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पूरे गांव को उन पर गर्व है।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More