ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल अंब के एक गांव में शादी की खुशियां उस समय अचानक थम गईं, जब हल्दी (बटने) की रस्म के दौरान दूल्हे की होने वाली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।
घर में रिश्तेदारों और गांव के लोगों की मौजूदगी में पारंपरिक रस्में चल रही थीं और माहौल पूरी तरह उत्सवमय था, लेकिन जैसे ही दुल्हन के भागने की खबर सामने आई, पूरे समारोह में अफरातफरी मच गई और शादी को तुरंत रोकना पड़ा।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अनिल पटियाल ने बताया कि लड़की के परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एफआईआर दर्ज करते हुए सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। युवती और उसके साथ गए युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवती का पहले से ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। शादी तय होने के बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था और मौका मिलते ही युवती उसके साथ चली गई। घटना के बाद दूल्हे पक्ष के लोग गहरे सदमे में हैं और पूरे परिवार को सामाजिक और मानसिक आघात पहुंचा है।
घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि गांव में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लड़की के परिजनों का कहना है कि उन्हें इस संबंध के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।
