नाहन/शिलाई : उत्तराखंड में हुए सड़क हादसे के दो सप्ताह बाद जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के भारतीय सेना के जवान ग्रेनेडियर कपिल की उपचार के दौरान मौत हो गई। 8 जनवरी को देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में हुए हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार देर रात करीब 02:50 बजे उन्होंने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

भारतीय सेना में पिछले सात वर्षों से सेवाएं दे रहे ग्रेनेडियर कपिल इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और पुलिस ने संबंधित बटालियन को अवगत कराया था। गंभीर हालत के चलते वह लगातार अस्पताल में उपचाराधीन रहे, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
ग्रेनेडियर कपिल का जन्म 2 जून 1998 को हुआ था। वह शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिल्ला के पटना गांव निवासी पंचराम और जयंती देवी के तीन बेटों और तीन बेटियों में सबसे बड़े थे। ग्रामीणों के अनुसार कपिल बेहद बहादुर, साहसी और कर्तव्यनिष्ठ सैनिक थे। उनके निधन से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव ने अपना एक होनहार सपूत खो दिया है।
18 सितंबर 2018 को ग्रेनेडियर रेजिमेंट में भर्ती हुए कपिल वर्तमान में 16वीं बटालियन के अंतर्गत 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। परिवार के अनुसार माता-पिता जल्द ही उनके विवाह की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक आई इस त्रासदी ने सभी सपनों को तोड़ दिया।
भूतपूर्व सैनिक संगठन ने जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इतने युवा और समर्पित सैनिक का इस तरह जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। संगठन ने कहा कि देश उनकी बहादुरी, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीर जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पटना में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। उधर, जिला सिरमौर सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक सेवानिवृत मेजर दीपक धवन ने बताया कि अभी तक स्टेशन हेडक्वार्टर से आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है, सूचना मिलते ही आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



