शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून की औपचारिक एंट्री से पहले ही मौसम ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने 24 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी, बिजली कड़कने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। कुछ जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को यानी 19 जून को चंबा, मंडी, बिलासपुर, ऊना, कुल्लू, सिरमौर और शिमला जिले के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर तेज बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
किन्नौर और लाहौल-स्पीति के साथ-साथ चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग ने कुल्लू, मंडी और शिमला जिले के एक-दो स्थानों के लिए आंधी, बिजली, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं चंबा और कांगड़ा जिले के कुछ स्थानों के लिए आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम केंद्र के अनुसार 19 से 22 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं 23 और 24 जून को भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है।
शुक्रवार को मैदानी और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 20, 21 और 22 जून को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर आंधी, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
उधर, दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। ऐसे में हिमाचल में भी मौसम लगातार सक्रिय बना रहने के संकेत मिल रहे हैं।
