चंबा : बाल विकास परियोजना चंबा के तहत क्रेच कार्यकर्ता के 8 और क्रेच सहायिकाओं के 13 पदों पर भर्ती के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 4 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियों सहित बाल विकास परियोजना अधिकारी चंबा कार्यालय में जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
बाल विकास परियोजना अधिकारी कमल किशोर ने बताया कि रिक्त पद विभिन्न क्रेच केंद्रों में भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 12 अगस्त को सुबह 10 बजे से बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, चंबा में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि क्रेच कार्यकर्ता के पद जुलाखड़ी वार्ड के उप्पर जुलाखड़ी और लोअर जुलाखड़ी क्रेच केंद्रों, सुल्तानपुर के माई का बाग, द्रमण के द्रमण क्रेच केंद्र, सरोल के सुल्तानपुर, कियानी के कियानी क्रेच केंद्र, साहो पधर के दियुल और हरदासपुर के मुचयाडी क्रेच केंद्र में वहीं क्रेच सहायिका के पद जनसाली के खरुडा, प्रोथा के धनग्रां (ओथल), सुल्तानपुर के माई का बाग, द्रमण के द्रमण क्रेच केंद्र, सुल्तानपुर वार्ड के सुल्तानपुर क्रेच केंद्र, कियानी पंचायत के कियानी क्रेच केंद्र, झुलाडा के भटका, प्रोथा के भेला (दलेला), मुगला के मुगला-1, जुलाखड़ी के लोअर जुलाखड़ी, हरदासपुर के मुचयाड़ी (हरदासपुर-2), हरदासपुर के मुगला-2 (हरदासपुर-1) और सरोल पंचायत के सिद्धपुरा क्रेच केंद्रों में भरे जाने हैं।
क्रेच कार्यकर्ता को 5,500 रुपये और क्रेच सहायिका को 3,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केवल संबंधित क्रेच केंद्र के फीडर एरिया की स्थायी महिला निवासी ही आवेदन करने की पात्र होंगी।
क्रेच कार्यकर्ता के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास और क्रेच सहायिका के लिए 10वीं पास निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए और परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, आरक्षित वर्ग, विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्त, बेसहारा महिलाओं सहित निर्धारित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। अंतिम चयन 25 अंकों के आधार पर होगा, जिसमें साक्षात्कार के लिए अधिकतम 3 अंक निर्धारित हैं।
आवेदन के साथ हिमाचली प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, शैक्षणिक योग्यता, आय, निवास, परिवार रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां जमा करनी होंगी। साक्षात्कार के समय सभी मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी, चंबा कार्यालय या दूरभाष 01899-292720 पर संपर्क किया जा सकता है।
