HomeWeatherहिमाचल में आज रात से फिर बिगड़ेगा मौसम, भारी बर्फबारी और बारिश...

हिमाचल में आज रात से फिर बिगड़ेगा मौसम, भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट, इन जिलों के लिए चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में 26 जनवरी की रात से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार रात से 28 जनवरी तक हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में आंधी के साथ हिमपात और वर्षा की संभावना जताई है।

शिमला : हिमाचल प्रदेश में 26 जनवरी की रात से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार रात से 28 जनवरी तक हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में आंधी के साथ हिमपात और वर्षा की संभावना जताई है। 27 जनवरी को कई क्षेत्रों में भारी हिमपात और तेज बारिश के आसार हैं, जिसके चलते जनजीवन और यातायात प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग ने 27 जनवरी को चंबा, लाहुल स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुल्लू जिले में भारी हिमपात की विशेष चेतावनी दी गई है। इसके साथ साथ ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र ने पहाड़ों और पर्यटन क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को मौसम की स्थिति देखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें:  बद्दी पुलिस की कार्रवाई, यातायात नियम तोड़ने पर 136 वाहनों के काटे चालान

बता दें कि 23 जनवरी को हुए भारी हिमपात और वर्षा के बाद प्रदेश में अभी आम जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। लिहाजा, ऊंचाई वाले इलाकों में लोगों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में कई सड़कें अभी बंद पड़ी हैं। इसके अलावा प्रदेश में दो हजार के करीब ट्रांसफार्मर खराब होने से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। ऐसे में कड़कड़ाती ठंड के बीच दिक्कतें काफी बढ़ गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे शीत दिवस जैसी स्थिति बन सकती है। गत रविवार को धूप खिलने से दिन के तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी।

ये भी पढ़ें:  प्रदेश हित सर्वोपरि, केंद्र को बदनाम कर जिम्मेदारी से नहीं बच सकती कांग्रेस सरकार : डॉ. राजीव बिंदल

गत दिनों हुई बारिश के बाद किसान-बागवानों ने राहत की सांस ली है। प्रदेश में करीब साढ़े 3 माह लंबा ड्राई स्पेल टूटा है। ये बारिश फसलों के लिए संजीवनी बनकर आई, जिसका किसान लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे। खेतों में भरपूर नमी के बाद गेहूं, लहसुन, सरसों, मटर, प्याज, आलू आदि नकदी फसलों के लिए ये बारिश काफी फायदेमंद होगी। हालांकि कई जगह ड्राई स्पेल के बीच फसलों की ग्रोथ रुकने और खराब होने की भी खबरें हैं।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत, इलाके में शोक की लहर
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More