HomePolitics4 दिसंबर को धर्मशाला में गूंजेगा जनाक्रोश, कांग्रेस सरकार के 3 साल...

4 दिसंबर को धर्मशाला में गूंजेगा जनाक्रोश, कांग्रेस सरकार के 3 साल के जश्न के खिलाफ होगा बड़ा प्रदर्शन: बिंदल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं, बल्कि हिमाचल के भविष्य को बचाने का संकल्प होगा। जोरावर सिंह स्टेडियम कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ जनता के आक्रोश का साक्षी बनेगा।

शिमला/नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि आगामी 4 दिसंबर 2025 को धर्मशाला के जोरावर सिंह स्टेडियम में कांग्रेस सरकार के 3 साल के कुशासन, व्यवस्था पतन और झूठे वादों के खिलाफ एक विशाल ऐतिहासिक जन प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन प्रदेश की पीड़ित जनता की आवाज बनेगा और इसी दिन से प्रदेश में सरकार परिवर्तन की हुंकार भरी जाएगी।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस सरकार झूठी गारंटियों के दम पर सत्ता में आई थी, लेकिन 3 वर्षों में इस सरकार ने केवल जनता को ठगने का काम किया। आज स्थिति यह है कि युवा बेरोजगार हैं। बहनें ठगी गई हैं। महंगाई चरम पर है और प्रदेश में माफिया राज अपने चरम पर पहुंच चुका है। जनता अब इस सरकार से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है और उसे बदलने का मन बना चुकी है।

ये भी पढ़ें:  'The Many Voices of the Wind' को मिला लोक भवन का मान, राज्यपाल ने किया नाहन की डॉ. विनिता पाल की पुस्तक का विमोचन

उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा किया गया। सरकारी नौकरियों पर प्रतिबंध लगाकर तथाकथित “मित्र” बनाने की नई व्यवस्था लागू की गई, जिसमें कहीं 4000 तो कहीं 5000 रुपये मानदेय देकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। यह नई व्यवस्था युवाओं के साथ सबसे बड़ा अन्याय है। इसके खिलाफ 4 दिसंबर को युवाओं की सबसे बुलंद आवाज सुनाई देगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि 28 लाख बहनों से 1500 रुपये की गारंटी के नाम पर जो डाका डाला गया, वह किसी से छिपा नहीं है। बिजली की 300 यूनिट फ्री देने का वादा किया गया था, लेकिन उल्टा बिजली के दाम बढ़ा दिए गए।

महिलाओं को बसों में फ्री यात्रा का वादा किया गया, लेकिन जो 50 प्रतिशत किराया छूट मिलती थी, उसे भी समाप्त कर दिया गया। पानी के रेट, राशन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए गए। टैक्स पर टैक्स लगाकर जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला गया।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल सरकार की ऐतिहासिक पहलः जलाशय मछलियों के लिए एमएसपी लागू, रॉयल्टी घटाकर 1 प्रतिशत

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के शासन में प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आए दिन हत्या, बलात्कार, डकैती, चिट्टे और नशा तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं।

खनन माफिया खुलेआम पहाड़ों को छलनी कर रहा है और नशा माफिया युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है, लेकिन सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है। यह साफ तौर पर माफिया राज का संरक्षण है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 3 वर्षों में केवल जनता को भ्रमित करने, झूठे आश्वासन देने और समय गंवाने का काम किया है। प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है, विकास कार्य ठप हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

ये भी पढ़ें:  नाहन: छोटा चौक की गली में कुत्तों का जमावड़ा, गंदगी और बदबू से परेशान लोग पहुंचे DC के दरबार... बोले- अब जीना हुआ मुहाल

डॉ. बिंदल ने कहा कि 4 दिसंबर को हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता धर्मशाला पहुंचकर इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ बिगुल फूंकेंगे। यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं, बल्कि हिमाचल के भविष्य को बचाने का संकल्प होगा। जोरावर सिंह स्टेडियम कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ जनता के आक्रोश का साक्षी बनेगा।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More