HomeHimachalप्लास्टिक मुक्त नाहन की दिशा में संगिनी का कदम: लोगों को कपड़े...

प्लास्टिक मुक्त नाहन की दिशा में संगिनी का कदम: लोगों को कपड़े के थैले बांट शुरू की जागरूकता की नई मुहिम

क्लब की प्रधान सोना चंदेल ने चेताया कि यदि हम ही कचरा चारों ओर फैलाते रहेंगे, तो वह दिन दूर नहीं जब हम स्वयं कचरे के ढेर में घिरे होंगे। घर और दुकानों से निकले कचरे को संयोजित तरीके से नगर परिषद् की गाड़ी को ही सौंपा जाना चाहिए।

नाहन : रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और नागरिकों में स्वच्छता की भावना जगाने के लिए मंगलवार शाम पहले चरण का अभियान शुरू किया। क्लब की सदस्यों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर कपड़े से बने 110 पर्यावरण-अनुकूल बैग (थैले) निशुल्क वितरित किए।

क्लब का मुख्य उद्देश्य है कि लोग बाजार जाते समय कपड़े से बने थैले का उपयोग करें, जिससे प्लास्टिक बैग का इस्तेमाल कम हो सके और शहर में प्लास्टिक कचरे की मात्रा घटे। इस वितरण के साथ ही जागरूकता संबंधी पैंपलेट भी बांटे गए, जिसमें नागरिकों से अनुरोध किया गया कि वे हमेशा अपने साथ कपड़े का बैग रखें और खरीदारी करते समय प्लास्टिक बैग लेने से बचें।

संगिनी सदस्यों ने लोगों से यह भी अपील की कि वे अपने घरों का कूड़ा-कचरा खुले स्थानों में न फेंकें। उन्होंने चिंता जताई कि खुले में फेंका गया कचरा जानवर इधर-उधर फैलाते हैं। क्लब ने सभी निवासियों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता बनाए रखने के लिए केवल नगर परिषद की कूड़ा संग्रहण गाड़ी को ही अपना कचरा सौंपें।

ये भी पढ़ें:  सनवारा टोल प्लाजा पर नाकेबंदी के दौरान चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, आरोपी पर पहले भी आपराधिक केस हैं दर्ज

क्लब की प्रधान सोना चंदेल ने इस दौरान एक महत्वपूर्ण और कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिषद का काम हमारे द्वारा बेतरतीबी से फेंके गए कचरे को साफ करना नहीं है, बल्कि उसका कार्य केवल कचरे का संग्रह और वैज्ञानिक निपटान करना है।

उन्होंने चेताया कि यदि हम ही कचरा चारों ओर फैलाते रहेंगे, तो वह दिन दूर नहीं जब हम स्वयं कचरे के ढेर में घिरे होंगे। घर और दुकानों से निकले कचरे को संयोजित तरीके से नगर परिषद् की गाड़ी को ही सौंपा जाना चाहिए।

सोना चंदेल ने देश के युवाओं के पलायन पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वच्छता और अनुशासन को जोड़ा। उन्होंने कहा कि आजकल युवा विदेशों की ओर आकर्षित इसलिए होते हैं क्योंकि वहां व्यवस्था, अनुशासन और साफ-सफाई होती है, लेकिन अपने देश में हम स्वयं ही अपने परिवेश को स्वच्छ रखने के प्रति लापरवाह बने हुए हैं।

ये भी पढ़ें:  लोक निर्माण विभाग में 'डिजिटल क्रांति', 100 कार्यालय हुए ई-ऑफिस, CM सुक्खू ने की सराहना

उन्होंने निर्माण ठेकेदारों द्वारा सीमेंट के बैग और अन्य अवशेष खुले में फेंकने पर भी नाराजगी जताई। साथ ही सड़कों के किनारे पिकनिक मनाने के बाद कचरा वहीं फेंक जाने वाले लोगों और नाहन के ऐतिहासिक पक्का तालाब में कूड़ा फेंककर मछलियों की मौत का कारण बनने वाले लोगों की मानसिकता के प्रति भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नाहन एक ऐतिहासिक धरोहर है और इसे स्वच्छ बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।

रोटरी क्लब नाहन संगिनी ने इस अभियान के दौरान सभी से अपील की कि शहर को स्वच्छ रखना केवल सरकार या नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास सफाई रखने का संकल्प लें तो नाहन शहर को सुंदर, स्वच्छ और स्वस्थ बनाना बिल्कुल संभव है।

ये भी पढ़ें:  किन्नौर के 26 वर्षीय युवक की सोलन में संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More