HomeAccidentसिरमौर: हाइड्रा क्रेन की चपेट में आने से स्कूटी पर बैठे 12...

सिरमौर: हाइड्रा क्रेन की चपेट में आने से स्कूटी पर बैठे 12 साल के किशोर की मौत, एनएच-707 पर चक्का जाम

हादसे के तुरंत बाद उसे पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

शिलाई : जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कमरऊ गांव में रविवार शाम उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब पांवटा साहिब-गुम्मा एनएच-707 पर सड़क किनारे खड़ी स्कूटी पर बैठे 12 साल के किशोर को हाइड्रा क्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच-707 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे पिछले ढाई से तीन घंटे से अधिक समय से दोनों तरफ 500 से ज्यादा वाहन फंसे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पार्थ (12) पुत्र सुरेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक किशोर के पिता स्कूटी सड़क किनारे खड़ी कर कुछ सामान खरीदने उतरा था, जबकि उनका बेटा स्कूटी पर बैठा था। इस बीच एनएच से गुजर रही हाइड्रा क्रेन का पिछला टायर सड़क किनारे खड़ी स्कूटी से टकरा गया, जिससे पार्थ को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद उसे पांवटा साहिब अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

ये भी पढ़ें:  गोल्डन महाशीर के संरक्षण के लिए मत्स्य पालन विभाग को प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड

आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बैठकर एनएच-707 को पूरी तरह बंद कर दिया। कमरऊ में जाम के कारण दोनों ओर लगभग कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। ग्रामीणों ने एनएच निर्माणाधीन कंपनी, मोर्थ और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट से जुड़े जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक एनएच बहाल नहीं किया जाएगा। हादसे को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद है और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 827 ग्राम चरस और 15 लीटर अवैध शराब के साथ 3 गिरफ्तार
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More