HomeAdministrationडाटा संग्रह प्रणाली सुदृढ़ करने पर जिला स्तरीय कार्यशाला, DC बोले योजनाओं...

डाटा संग्रह प्रणाली सुदृढ़ करने पर जिला स्तरीय कार्यशाला, DC बोले योजनाओं की सफलता के लिए सटीक डाटा जरूरी

राहुल कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि डाटा किसी भी शासन व्यवस्था की आधारशिला होता है और प्रदेश सरकार की योजनाओं की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उपलब्ध डाटा कितना सटीक, सत्यापित और विश्वसनीय है।

बिलासपुर : जिला मुख्यालय में अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा डाटा संग्रह प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का विषय डाटा संग्रह तंत्र में सुधार रहा, जिसमें प्रशासनिक व्यवस्था में डाटा की केंद्रीय भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यशाला में DC बिलासपुर राहुल कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कहा कि डाटा किसी भी शासन व्यवस्था की आधारशिला होता है और प्रदेश सरकार की योजनाओं की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उपलब्ध डाटा कितना सटीक, सत्यापित और विश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि प्रमाणिक डाटा ही साक्ष्य आधारित प्रशासन को संभव बनाता है और बिना गुणवत्तापूर्ण डाटा के न तो योजनाओं की सही रूपरेखा बन सकती है और न ही उनके प्रभाव का यथार्थ मूल्यांकन किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:  निहोग में HRTC बस की टक्कर से बाइक सवार युवक और युवती घायल

उन्होंने कहा कि डाटा संग्रह की प्रक्रिया को एकरूप, सुव्यवस्थित और व्यावहारिक बनाना समय की आवश्यकता है, ताकि नीति निर्माण और प्रशासनिक निर्णय अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और जनोन्मुखी बन सकें। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में एक जिला स्तरीय तंत्र लागू किया गया है, जिसके माध्यम से समय पर, सटीक, विश्वसनीय और तुलनात्मक डाटा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि साक्ष्य आधारित योजना निर्माण, नीति निर्धारण तथा विकास कार्यक्रमों के मूल्यांकन को प्रभावी समर्थन मिल सके।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन शीघ्र ही एक विशेष वेब पेज तैयार कर रहा है, जिसमें जिले से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों का समेकित और प्रमाणिक डाटा उपलब्ध रहेगा। यह वेब प्लेटफॉर्म न केवल प्रशासनिक अधिकारियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा, बल्कि शोधकर्ताओं, योजनाकारों और आम नागरिकों के लिए भी सूचना का एक विश्वसनीय स्रोत बनेगा।

ये भी पढ़ें:  सोलन में चिट्टे का बड़ा नेटवर्क बेनकाब! 3 युवकों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जीरकपुर से उठाया सप्लायर

कार्यशाला के दौरान डाटा संग्रह तंत्र से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों, फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं तथा उनके समाधान पर गहन चर्चा की गई। इस दौरान यह भी रेखांकित किया गया कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग तथा मानव संसाधन का नियमित प्रशिक्षण डाटा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

इस अवसर पर डीसी राहुल कुमार ने सभी जिला वासियों से भी अपील की कि जब भी कोई भी अधिकृत व्यक्ति डाटा संग्रह के लिए फील्ड में आए, तो उसे हमेशा सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सरकार द्वारा आपके लिए तैयार की जा रही योजनाओं का लाभ आपको सीधे मिल सके। गलत या भ्रामक जानकारी देने से न केवल शासन की योजनाएं प्रभावित होती हैं, बल्कि इसका सीधा नुकसान आम लोगों को भी उठाना पड़ता है।

ये भी पढ़ें:  पांगी घाटी के युवाओं को मिलेंगे बस-ट्रैवलर परमिट, रोड़ टैक्स में मिलेगी 4 माह की छूट

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सभी उपमंडल अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डाटा संग्रह प्रक्रिया को और अधिक सरल, तेज और भरोसेमंद बनाने के सुझाव दिए।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More